फिल्म ‘धुरंधर’ की बंपर सफलता के बाद सातवें आसमान पर उड़ रहे अभिनेता रणवीर सिंह के फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ‘डॉन ३’ से रणवीर सिंह को दिखाया बाहर का रास्ता! अब तक यह चर्चा थी कि रणवीर सिंह ने खुद ‘डॉन ३’ छोड़ी है, लेकिन अंदरूनी कहानी कुछ और ही बयां कर रही है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर ने फिल्म से वॉकआउट नहीं किया है, बल्कि मेकर्स ने उनकी ‘अनुचित मांगों’ से परेशान होकर उन्हें प्रोजेक्ट से बाहर का रास्ता दिखाया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म से अलग होने का फैसला रणवीर का नहीं, बल्कि प्रोडक्शन हाउस का था। सूत्रों का कहना है कि जब रणवीर की पिछली तीन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार फ्लॉप हुई थीं और संजय लीला भंसाली जैसे दिग्गज ने ‘बैजू बावरा’ डिब्बाबंद कर दी थी, तब फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ही थे जिन्होंने उन पर भरोसा जताया था।
अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान जैसी महान हस्तियों द्वारा निभाए गए ‘डॉन’ के किरदार के लिए फरहान ने रणवीर को चुना था, जो किसी भी अभिनेता के लिए सपने के सच होने जैसा था। लेकिन अब मेकर्स द्वारा उन्हें फिल्म से हटाना यह दर्शाता है कि पर्दे के पीछे सब कुछ सामान्य नहीं था। इससे पहले मीडिया में यह खबरें चल रही थीं कि ‘धुरंधर’ के सुपरहिट होने के बाद रणवीर अपने करियर को लेकर काफी सतर्क हो गए हैं और वे बैक-टू-बैक गैंगस्टर की भूमिका नहीं निभाना चाहते। यह भी कहा जा रहा था कि वे भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे निर्देशकों के साथ काम करने को प्राथमिकता दे रहे हैं और इसी वजह से उन्होंने ‘डॉन ३’ छोड़ी।
हालांकि, नई रिपोर्ट ने इस पूरे नरेटिव को गलत करार दिया है। फिलहाल, फरहान अख्तर के निर्देशन में बन रही इस मच-अवेटेड फिल्म पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं और ‘डॉन’ के किरदार के लिए नए चेहरे की तलाश शुरू हो गई है। अभी तक इस पूरे विवाद पर रणवीर सिंह या एक्सेल एंटरटेनमेंट की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
‘डॉन ३’ से रणवीर सिंह को दिखाया बाहर का रास्ता!

