स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी क्षेत्र की सीमा पर एक बार फिर गंभीर प्रवासी संकट गहरा गया है। स्पेन में घुसने की खूनी होड़, मोरक्को बॉर्डर पर भगदड़ में बिछी लाशें! मोरक्को के रास्ते समुद्र में तैरकर और सीमा पर लगी ऊंची बाड़ पार कर स्पेन में घुसने की कोशिश कर रहे हजारों प्रवासियों को जब सीमा पर तैनात सेना और सुरक्षा बलों ने रोका, तो अचानक अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। इस हादसे में दर्जनों प्रवासियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अफ्रीकी देशों से आए हजारों की संख्या में प्रवासी बेहतर भविष्य और शरण की तलाश में मोरक्को के रास्ते स्पैनिश क्षेत्र (स्यूटा/मेलिला) में दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई प्रवासियों ने समुद्र के जोखिम भरे रास्ते को तैरकर पार किया, जबकि सैकड़ों लोगों का समूह सीमा पर बने सुरक्षा बाड़ को तोड़कर अंदर घुसने लगा।
स्थिति को नियंत्रित करने और अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए स्पेनिश सुरक्षा बलों और सेना ने मोर्चा संभाला। सीमा पर जैसे ही सुरक्षा बलों ने प्रवासियों को खदेड़ना शुरू किया, वहां भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। धक्का-मुक्की और बाड़ से गिरने के कारण 50 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, वहीं बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद स्पेन और मोरक्को दोनों देशों की सीमाओं पर चौकसी बेहद कड़ी कर दी गई है। स्पेन सरकार ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमाओं की संप्रभुता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, जबकि मानवाधिकार संगठनों ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

