अभिनेत्री मधु ने दिग्गज अभिनेत्री और राजनेता हेमा मालिनी से जुड़ा एक भावुक किस्सा साझा किया है। मधु ने बताया कि जब हेमा मालिनी की बड़ी बेटी ईशा देओल की शादी हुई थी, तो ईशा की शादी के अगले दिन संसद पहुंचीं हेमा मालिनी। मधु के मुताबिक, हेमा मालिनी का यह रवैया उनके व्यक्तित्व की उस खासियत को दर्शाता है, जिसमें वह मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ने पर विश्वास रखती हैं। आईएएनएस से विशेष बातचीत में मधु ने कहा कि मां और बेटी का रिश्ता बेहद गहरा होता है और बेटी के घर से विदा होने के बाद सामान्य जीवन में लौटना किसी भी मां के लिए आसान नहीं होता। इसके बावजूद हेमा मालिनी ने अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता दी और अगले ही दिन संसद पहुंच गईं। मधु ने कहा कि यही बात उन्हें हेमा जी की सबसे प्रेरणादायक खूबियों में से एक लगती है। मधु ने हेमा मालिनी के जीवन से जुड़ा एक और प्रसंग साझा करते हुए बताया कि एक बार उनके घर में चोरी हो गई थी। घटना के बाद हेमा मालिनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और फिर अपनी सामान्य दिनचर्या में लौट गईं। मधु के अनुसार, चोरी जैसी बड़ी घटना के बावजूद हेमा मालिनी ने खुद को लंबे समय तक परेशान नहीं रखा और अगले ही दिन यात्रा पर निकल गईं।
जब मधु ने उनसे पूछा कि वह इतनी आसानी से ऐसी परिस्थितियों से कैसे बाहर निकल जाती हैं, तो हेमा मालिनी ने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया था कि शायद पिछले जन्म में उनका उस व्यक्ति पर कोई कर्ज रहा होगा। अगर सामान मिलना होगा तो वह वापस मिल जाएगा। मधु के अनुसार, हेमा मालिनी का यह नजरिया जीवन की कठिन परिस्थितियों को स्वीकार करके आगे बढ़ने की उनकी क्षमता को दर्शाता है। गौरतलब है कि ईशा देओल और कारोबारी भरत तख्तानी की शादी 29 जून 2012 को हुई थी। दोनों करीब 11 साल तक साथ रहे और वर्ष 2024 की शुरुआत में उन्होंने अपने अलग होने की घोषणा की थी। दोनों की दो बेटियां हैं। मधु और हेमा मालिनी के बीच पारिवारिक रिश्ता भी है। मधु, हेमा मालिनी की पहली कजिन हैं। मधु के पिता पी. रघुनाथन, हेमा मालिनी के मामा हैं। हालांकि पारिवारिक संबंध होने के बावजूद दोनों अभिनेत्रियों ने अब तक किसी फिल्म में साथ काम नहीं किया है। मधु ने वर्ष 1991 में अजय देवगन के साथ फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘रोजा’, ‘योद्धा’, ‘दिलजले’, ‘पहचान’, ‘जान से प्यारा’ और ‘ऐलान’ जैसी फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई।

