
प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में 7 सीटों पर भाजपा गठबंधन ने जीत दर्ज की है। आज हुई मतगणना में फूलपुर, कटेहरी ,मझवां, कुंदरकी, गाज़ियाबाद और खैर सीट से भाजपा प्रत्याशी विजयी हुए और मीरापुर सीट से रालोद प्रत्याशी को कामयाबी मिली है। करहल और सीसामऊ सीट समाजवादी पार्टी के पाले में आई हैं। प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। गाज़ियाबाद सीट से भाजपा के संजीव शर्मा ने सपा के सिंह राज जाटव को करीब 70 हज़ार मतों से पराजित किया। वहीं अलीगढ़ की खैर सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेंदर दिलेर ने सपा प्रत्याशी चारू कैन को करीब 38 हज़ार वोटों से हराया। प्रयागराज की फूलपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल ने सपा उम्मीदवार मुजतबा सिद्दीकी को लगभग 11हज़ार मतों से हराया। वहीं कुंदरकी सीट परभाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह ने सपा उम्मीदवार मोहम्म्द रिज़वान को लगभग 1 लाख 40 हज़ार वोटों से शिकस्त दी। कटहरी सीट पर भाजपा ने 1990 के बाद पहली बार जीत दर्जकी इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद ने सपा की शोभावती वर्मा को तकरीबन 34हज़ार वोटों से हरा दिया.। वहीं मंझवा सीट से भाजपा की सुचिस्मिता मौर्य ने सपा प्रत्याशी ज्योति बिंद को करीब 5 हज़ार वोटों से हरा दिया। करहल सीट से सपा के तेजप्रताप यादव ने भाजपा के अनुजेश पटेल को 14 हज़ार मतों से हराया। वहीं सीसामऊ सीट से समाजवादी पार्टी की नसीम सोलंकी ने भाजपा के सुरेश अवस्थी को लगभग 8 हज़ार वोटों से हरा दिया। उधर मुज़फ्फ्रनगर की मीरापुर सीट से रालोद प्रत्याशी मिथलेशपाल ने सपा की सुंबुल राणा को करीब 30 हज़ार वोटों से पारजित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है। उन्होंने आज लखनऊ में प्रेसवार्ता कर कहा कि प्रधानमंत्री पर लोगों को अटूट विश्वास है। ये जीत उसी का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की विजय, जो सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी गठबंधन को प्राप्त हुई है, ये उत्तर प्रदेश की ओर से प्रधानमंत्री मोदी जी के अभियान को यह सात कमल भी उस पूरे अभियान के प्रति समर्पित है। इसमें मीरापुर, गाजियाबाद, कुंदरकी, खैर, कटहरी, मझवां और फूलपुर की जनता जनार्दन ने यह जनादेश भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिया है । हम सब उनका आभार व्यक्त करते है। उधर, महाराष्ट्र की 288 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। भाजपा 133 सीटों पर आगे है, शिवसेना शिंदे गुट 57 और एनसीपी 41 सीटों पर आगे चल रही है। दूसरी और शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे 20 सीटों, कांग्रेस 15 सीटों और एनसीपी-शरद पवार 10 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी दो सीटों और अन्य पार्टियां और निर्दलीय 10 सीटों पर आगे चल रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से महाराष्ट्र में एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए जनता का आभार जताया है। उन्होंने विश्वास जताया कि महायुति गठबंधन महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करता रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र में भाजपा-महायुति को मिली ऐतिहासिक विजय पर कहा कि यह जीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सुरक्षा, समृद्धि एवं सुशासन पर जनता-जनार्दन का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि यह जो जनादेश महाराष्ट्र के अंदर प्राप्त हुआ है, यह राम और राष्ट्र के आराधक आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व को नए भारत के नए महाराष्ट्र के विश्वास की मोहर है। छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों की विजय है और बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान करने वालों की यह एक पराजय भी है। आज एक बार फिर से स्पष्ट हो गया है कि देश की जनता को मोदी जी की नीति, उनकी नियत, उनके नेतृत्व और उनके निर्णयों पर अटूट विश्वास है। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव आयोग के अनुसार, इंडी गठबंधन 56 सीटों पर आगे है, जबकि एनडीए 25 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।