रोहन ने उत्साह से अपनी योजनाएँ बताईं। उसे नया फोन लेना था, अच्छी बाइक खरीदनी थी और नौकरी लगते ही दोस्तों के साथ बाहर घूमने भी जाना था। नेहा मुस्कराकर उसकी बातें सुनती रही। उसे अपने भाई की खुशी अच्छी लगती थी। उसने ही तो उसकी पढ़ाई के लिए पैसे दिए थे। लेकिन जब रोहन ने कहा कि नौकरी लगने के बाद वह अपनी कमाई का कुछ हिस्सा बचाकर एक फ्लैट के लिए डाउन पेमेंट जमा करेगा, तब नेहा ने सहजता से पूछा, ‘बहुत अच्छा। और घर के खर्च में भी कुछ योगदान देगा न?’ रोहन ने उसकी ओर देखा, जैसे उसने कोई अनावश्यक सवाल पूछ लिया हो। ‘दीदी, पहले मुझे अपने पैरों पर ठीक से खड़ा तो हो जाने दो। शुरुआत में बहुत खर्च होंगे। नौकरी के लिए कपड़े, आने-जाने का खर्च, फिर दूसरे शहर में पोस्टिंग हुई तो रहने का खर्च भी होगा।’ ‘बिल्कुल,’ नेहा ने शांत स्वर में कहा, ‘मैंने कब मना किया? बस, घर की जिम्मेदारी भी तो हम सबकी है।’ पिता ने तुरंत बात बदल दी। ‘अभी से पैसों की बातें क्यों करने लगीं? भाई की नौकरी लगने दो, सब ठीक हो जाएगा।’ नेहा ने उस दिन पहली बार महसूस किया कि जब वह घर के लिए पैसे देती थी, ….
नेहा के लिए सुबह का मतलब सिर्फ सूरज निकलना नहीं था। सुबह का मतलब था अलार्म की आवाज के साथ बिस्तर से उठना, रसोई में माँ के लिए चाय बनाना, पिता की दवाइयाँ निकालकर रखना, छोटे भाई रोहन को जगाना और फिर जल्दी-जल्दी तैयार होकर लोकल ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकल जाना। मुंबई की भागती-दौड़ती जिंदगी में नेहा की अपनी रफ्तार थी, लेकिन उस रफ्तार में उसका अपना जीवन कहीं पीछे छूट गया था। उम्र बत्तीस साल हो चुकी थी। एक निजी कंपनी में अच्छी नौकरी थी, नियमित वेतन था और बैंक खाते में थोड़ी-बहुत बचत भी। बाहर से देखने पर वह आत्मनिर्भर, समझदार और सफल युवती थी, लेकिन घर की चारदीवारी के भीतर उसकी पहचान कुछ और थी—वह घर की कमाऊ बेटी थी, जिससे हर महीने वेतन आने की उम्मीद की जाती थी।
नेहा जब भी महीने की पहली तारीख को वेतन मिलने का संदेश देखती, उसके चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान आ जाती। उसे अपने काम पर गर्व था। उसे लगता था कि उसकी मेहनत से घर की परेशानियाँ कुछ कम हो रही हैं। पिता रमेश शर्मा की छोटी-सी नौकरी कई साल पहले छूट गई थी। उसके बाद से घर की आर्थिक जिम्मेदारी धीरे-धीरे नेहा के कंधों पर आ गई थी। माँ सुशीला को मधुमेह और घुटनों की तकलीफ थी। छोटे भाई रोहन की पढ़ाई और फिर नौकरी की तैयारी का खर्च भी घर से ही निकलता था। ऐसे में नेहा ने कभी यह नहीं सोचा कि वह अकेली क्यों सब कुछ कर रही है। उसे लगता था कि परिवार में एक-दूसरे के लिए करना ही तो रिश्तों की असली खूबसूरती है।
जब रोहन ने इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश लिया, तब फीस भरने के लिए पिता ने अपनी पुरानी बचत निकालने की कोशिश की थी, लेकिन रकम कम पड़ रही थी। नेहा ने बिना कुछ कहे अपनी जमा पूँजी से पैसे निकालकर कॉलेज की फीस भर दी। जब माँ की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, तब भी नेहा ने ही खर्च उठाया। घर की मरम्मत, बिजली का बिल, राशन, पिता की दवाइयाँ, रोहन की किताबें—हर छोटी-बड़ी जरूरत के लिए घर में एक ही आवाज सुनाई देती थी, ‘नेहा से पूछ लो, वह देख लेगी।’
शुरुआत में उसे यह सुनकर अच्छा लगता था। उसे लगता था कि परिवार को उस पर भरोसा है। लेकिन धीरे-धीरे उसे समझ आने लगा कि भरोसे और निर्भरता के बीच एक महीन अंतर होता है। भरोसा वह होता है जिसमें कोई आपकी परेशानी भी समझता है, जबकि निर्भरता में आपकी सुविधा और आपकी क्षमता को अपना अधिकार मान लिया जाता है।
उस दिन भी नेहा ऑफिस से लौटी तो माँ ने दरवाजे पर ही उसे आवाज दी, ‘बेटा, आते समय डॉक्टर की दवाई ले आती तो अच्छा था। सुबह से खत्म हो गई है।’ नेहा ने थका हुआ बैग सोफे पर रखा। सुबह से लगातार बैठकों में रहने के कारण उसके सिर में दर्द हो रहा था। उसने घड़ी देखी। शाम के साढ़े आठ बज चुके थे। ‘माँ, आपने मुझे फोन कर दिया होता। मैं ऑफिस से निकलते समय ले आती।’ ‘अरे, तुम्हें तो ऑफिस में बहुत काम रहता है। परेशान करना अच्छा नहीं लगता,’ माँ ने कहा, फिर कुछ क्षण रुककर जोड़ा, ‘लेकिन अब क्या करें, घर में तुम्हारे अलावा है ही कौन?’
नेहा ने माँ की ओर देखा। उसे माँ की बात में शिकायत कम और एक ऐसी आदत ज्यादा दिखाई दी, जिसमें उसकी मौजूदगी को उसकी मजबूरी समझ लिया गया था।
‘रोहन घर पर था न, माँ? उससे मँगवा लेतीं।’ माँ का चेहरा तुरंत बदल गया। ‘वह बेचारा दिनभर पढ़ाई करता है। उसे बाजार के चक्कर में क्यों भेजूँ? वैसे भी लड़कों को ऐसे छोटे-मोटे कामों में डालना ठीक नहीं लगता।’
नेहा कुछ कहना चाहती थी, लेकिन चुप रह गई। वह जानती थी कि इस घर में काम छोटे-बड़े नहीं थे, बल्कि काम करने वाले के हिसाब से उनकी अहमियत तय होती थी। रोहन की पढ़ाई जरूरी थी, पिता का आराम जरूरी था, माँ की सेहत जरूरी थी। उसकी नौकरी और उसकी थकान का जिक्र तभी होता था, जब महीने के अंत में पैसों की जरूरत पड़ती थी।
उस रात खाना खाते समय पिता ने बताया कि रोहन के लिए एक अच्छी नौकरी का अवसर आया है। कंपनी में किसी परिचित के माध्यम से बात चल रही थी। रोहन ने उत्साह से अपनी योजनाएँ बताईं। उसे नया फोन लेना था, अच्छी बाइक खरीदनी थी और नौकरी लगते ही दोस्तों के साथ बाहर घूमने भी जाना था। नेहा मुस्कराकर उसकी बातें सुनती रही। उसे अपने भाई की खुशी अच्छी लगती थी। उसने ही तो उसकी पढ़ाई के लिए पैसे दिए थे। लेकिन जब रोहन ने कहा कि नौकरी लगने के बाद वह अपनी कमाई का कुछ हिस्सा बचाकर एक फ्लैट के लिए डाउन पेमेंट जमा करेगा, तब नेहा ने सहजता से पूछा, ‘बहुत अच्छा। और घर के खर्च में भी कुछ योगदान देगा न?’
रोहन ने उसकी ओर देखा, जैसे उसने कोई अनावश्यक सवाल पूछ लिया हो। ‘दीदी, पहले मुझे अपने पैरों पर ठीक से खड़ा तो हो जाने दो। शुरुआत में बहुत खर्च होंगे। नौकरी के लिए कपड़े, आने-जाने का खर्च, फिर दूसरे शहर में पोस्टिंग हुई तो रहने का खर्च भी होगा।’
‘बिल्कुल,’ नेहा ने शांत स्वर में कहा, ‘मैंने कब मना किया? बस, घर की जिम्मेदारी भी तो हम सबकी है।’ पिता ने तुरंत बात बदल दी। ‘अभी से पैसों की बातें क्यों करने लगीं? भाई की नौकरी लगने दो, सब ठीक हो जाएगा।’ नेहा ने उस दिन पहली बार महसूस किया कि जब वह घर के लिए पैसे देती थी, तब वह जिम्मेदार थी; लेकिन जब उसने जिम्मेदारी बाँटने की बात की, तब वह पैसों के पीछे पड़ने वाली बहन बन गई।
समय गुजरता गया। रोहन की नौकरी लग गई। घर में मिठाई बाँटी गई, रिश्तेदारों को फोन किए गए और पड़ोसियों को बुलाकर छोटी-सी दावत रखी गई। नेहा ने अपनी बचत से रोहन के लिए एक अच्छी घड़ी खरीदी। पिता ने गर्व से कहा, ‘मेरा बेटा अब कमाने लगा है। अब घर के दिन बदल जाएँगे।’ नेहा को यह सुनकर खुशी हुई, लेकिन उसके मन में एक सवाल भी उठा—क्या घर के दिन बदलने का मतलब अब जिम्मेदारियाँ सचमुच बाँटी जाएँगी? क्या अब उसे कभी अपने लिए भी सोचने का मौका मिलेगा? रोहन की नौकरी के कुछ महीने बाद उसकी शादी की बात चलने लगी। परिवार ने एक सुशिक्षित लड़की, रितु, को पसंद किया। रितु एक निजी कंपनी में काम करती थी। पहली मुलाकात में वह नेहा से बहुत अच्छे से मिली। उसने नेहा की नौकरी और उसके अनुभव के बारे में पूछा। नेहा को लगा कि शायद इस घर में एक ऐसी साथी आने वाली है, जो उसके संघर्ष को समझ सकेगी।
शादी की तैयारियाँ शुरू हुईं तो घर में उत्साह का माहौल था। मेहमानों की सूची बनाई गई, कपड़ों की खरीदारी हुई और हॉल की बुकिंग की गई। स्वाभाविक था कि खर्च भी बढ़ रहा था। एक शाम पिता ने नेहा को अपने कमरे में बुलाया। ‘बेटा, शादी में कुछ ज्यादा खर्च हो रहा है। तुम्हारे पास जो बचत है, उसमें से कुछ मदद मिल जाए तो अच्छा रहेगा। बाद में देख लेंगे।’
नेहा ने धीमे स्वर में पूछा, ‘कितने पैसे चाहिए, पापा?’ पिता ने एक रकम बताई, जो उसकी कई महीनों की बचत के बराबर थी। नेहा ने कुछ पल सोचा। वह खुद भी पिछले दो साल से अपना घर खरीदने के लिए पैसे जमा कर रही थी। वह किराए के घरों में रहते-रहते थक गई थी। उसका सपना था कि एक दिन उसकी अपनी छोटी-सी जगह हो, जहाँ वह अपनी पसंद के पर्दे लगा सके, किताबों की अलमारी रख सके और छुट्टी के दिन बिना किसी की आवाज पर भागे, चैन से चाय पी सके।
‘पापा, मेरी भी कुछ योजनाएँ हैं। मैं घर खरीदने के लिए पैसे जमा कर रही हूँ।’
पिता का चेहरा उतर गया। ‘हमने तुम्हें कभी अपने से अलग समझा है क्या? यह तुम्हारे भाई की शादी है। क्या तुम इतनी-सी मदद भी नहीं कर सकती?’
नेहा को अपने ही शब्द अपराध जैसे लगने लगे। उसने बैंक खाते से पैसे निकाल दिए। शादी धूमधाम से हुई। रोहन की जिंदगी का नया अध्याय शुरू हुआ और नेहा फिर से अपने पुराने कमरे में लौट आई—उस कमरे में, जहाँ उसकी अलमारी के ऊपर घर के बिल रखे रहते थे और मेज की दराज में पिता की दवाइयों के पर्चे।
शादी के बाद रितु भी नौकरी करने लगी। घर का खर्च बढ़ा, लेकिन उसके अपने खर्च भी थे। शुरुआत में नेहा ने कुछ नहीं कहा। उसे लगा कि धीरे-धीरे सभी लोग अपनी जिम्मेदारियाँ समझने लगेंगे। पर घर की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं आया। माँ की दवाइयाँ अब भी नेहा ही लाती, पिता के बैंक संबंधी काम उसी के जिम्मे रहते और बिजली-पानी के बिलों का भुगतान भी वही करती। रोहन और रितु अपने भविष्य के लिए बचत कर रहे थे। यह गलत नहीं था, लेकिन नेहा के भविष्य के बारे में किसी ने सोचना जरूरी नहीं समझा। एक रविवार सुबह नाश्ते की मेज पर रितु ने एक नया विचार रखा। उसने कहा कि वे सब मिलकर किसी बड़े फ्लैट में जा सकते हैं, जहाँ रोहन और वह अलग कमरे में रह सकें और माता-पिता के लिए भी सुविधा हो। बात सुनने में अच्छी थी। नेहा ने पूछा, ‘उसका खर्च कैसे बाँटेंगे?’
रोहन ने तुरंत कहा, ‘दीदी, आप तो पहले से घर का खर्च देख ही रही हैं। हम लोग भी धीरे-धीरे योगदान करेंगे। वैसे भी आपका तो अभी शादी का कोई इरादा नहीं है, इसलिए आपके लिए घर बदलना ज्यादा मुश्किल नहीं होगा।’
नेहा के हाथ में पकड़ा चम्मच कुछ क्षणों के लिए रुक गया। ‘तुम्हें कैसे पता कि मेरा शादी का कोई इरादा नहीं है?’ उसने पूछा। रोहन थोड़ा असहज हुआ। ‘मेरा मतलब है कि आप अपनी मर्जी से रह रही हैं। आप स्वतंत्र हैं।’ ‘स्वतंत्र?’ नेहा ने पहली बार इस शब्द को अपने भीतर महसूस करने की कोशिश की। ‘क्या स्वतंत्र होने का मतलब यह है कि मेरी अपनी कोई जरूरत नहीं, कोई सपना नहीं? क्या मैं कमाती हूँ, इसलिए मेरे जीवन के फैसले भी सब लोग मेरे लिए कर सकते हैं?’
मेज पर सन्नाटा छा गया। माँ ने उसे समझाने की कोशिश की, ‘बेटा, रोहन का वह मतलब नहीं था। तुम तो समझदार हो। घर की बातें दिल पर नहीं लिया करते।’ नेहा उठकर अपने कमरे में चली गई। उस दिन उसने पहली बार अपने कमरे का दरवाजा बंद किया और बहुत देर तक चुप बैठी रही। उसे रोहन से केवल पैसे का हिसाब नहीं चाहिए था। उसे उस मान्यता की तलाश थी कि वह भी इस घर की एक सदस्य है, कोई स्थायी व्यवस्था नहीं, जिसे हर जरूरत पर इस्तेमाल कर लिया जाए।
कुछ दिन बाद पिता की तबीयत फिर बिगड़ गई। अस्पताल में जाँच हुई तो डॉक्टर ने नियमित इलाज और वुâछ अतिरिक्त परीक्षणों की सलाह दी। नेहा ने छुट्टी ली, पिता को अस्पताल ले गई और बिल जमा किया। डॉक्टर से बात करते समय पिता ने उसका हाथ पकड़कर कहा, ‘तुम न होती तो पता नहीं हमारा क्या होता।’
नेहा की आँखें भर आईं। उसे लगा कि शायद पिता अब उसके मन की थकान समझ रहे हैं। उसने हल्के से मुस्कराकर कहा, ‘पापा, मैं हूँ न। सब ठीक हो जाएगा।’
लेकिन अस्पताल से लौटने के बाद जब संपत्ति से जुड़ी एक पारिवारिक चर्चा शुरू हुई, तब उसका यह भ्रम भी टूट गया। पिता के पास शहर के एक पुराने मकान में हिस्सा था और गाँव में थोड़ी-सी जमीन भी थी। एक रिश्तेदार की सलाह पर रोहन ने कागजात व्यवस्थित करने की बात उठाई। पिता ने कुछ दस्तावेज मेज पर रखे और रोहन से कहा कि वह उन्हें वकील को दिखा आए। नेहा वहीं बैठी थी। उसने कागजों पर नजर डाली तो पता चला कि संपत्ति से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्था में रोहन का नाम प्रमुख रूप से दर्ज था। नेहा ने आश्चर्य से पूछा, ‘पापा, इसमें मेरा नाम क्यों नहीं है? ’पिता ने चश्मा उतारकर मेज पर रखा। ‘बेटा, तुम तो नौकरी करती हो। अपने पैरों पर खड़ी हो। रोहन को आगे चलकर परिवार संभालना है। मकान उसी के काम आएगा।’ ‘और मैं इस परिवार का हिस्सा नहीं हूँ?’ नेहा की आवाज काँप गई। ‘ऐसी बात नहीं है,’ पिता ने सफाई दी, ‘लेकिन हमारे यहाँ आमतौर पर बेटा ही घर संभालता है। तुम्हारी शादी होगी तो तुम अपने घर चली जाओगी।’
नेहा कुछ क्षण उन्हें देखती रही। जिस घर के लिए उसने अपनी बचत खर्च की थी, जिस घर की हर परेशानी में वह सबसे पहले खड़ी हुई थी, उसी घर के भविष्य की चर्चा में उसके लिए कोई जगह नहीं थी। उसकी कमाई घर की थी, लेकिन घर की संपत्ति पर उसका सवाल स्वार्थ माना जा रहा था। ‘पापा,’ उसने बहुत धीरे से कहा, ‘जब रोहन की फीस भरनी थी, तब यह मेरा भी घर था। जब माँ अस्पताल में थीं, तब यह मेरा भी परिवार था। जब घर का किराया और बिल देने थे, तब मैंने कभी नहीं कहा कि यह सिर्फ आपका या रोहन का घर है। फिर आज जब अधिकार की बात आई, तो मैं बाहर की कैसे हो गई?’
पिता ने नाराज होकर कहा, ‘तुम हर बात का हिसाब रखने लगी हो? हमने तुम्हें पाल-पोसकर बड़ा किया, पढ़ाया-लिखाया। क्या अब उसका बदला लोगी?’ यह सुनकर नेहा के भीतर जैसे कुछ टूट गया। उसने कभी अपने माता-पिता के प्रति किए गए कामों को कर्ज नहीं माना था। लेकिन आज पहली बार उसे एहसास हुआ कि उसके त्याग को कर्तव्य बताया जा रहा था और उसके अधिकार को एहसान फरामोशी।
वह बिना कुछ कहे उठी और अपने कमरे में चली गई। रात भर उसकी आँखों में नींद नहीं आई। उसे बचपन के वे दिन याद आए, जब पिता उसे साइकिल चलाना सिखाते थे, माँ उसकी पसंद का खाना बनाती थीं और रोहन उसके पीछे-पीछे घूमता था। वह अपने परिवार से प्यार करती थी। यही वजह थी कि उसने इतने सालों तक हर अन्याय को गलतफहमी समझकर टाल दिया। लेकिन प्यार का अर्थ क्या अपनी पहचान मिटा देना था?
अगली सुबह नेहा ने अपने बैंक खाते, खर्चों और बचत का हिसाब निकाला। उसने पहली बार एक सूची बनाई—घर के लिए हर महीने कितनी रकम जाती है, माता-पिता की चिकित्सा पर कितना खर्च होता है, रोहन की पढ़ाई और शादी में उसने कितना योगदान दिया और अपने भविष्य के लिए उसके पास कितना बचा है। यह सूची किसी से बदला लेने के लिए नहीं थी। वह सिर्फ यह समझना चाहती थी कि अपनी जिम्मेदारियाँ निभाते-निभाते वह खुद कहाँ पहुँच गई है।
उसी सप्ताह कंपनी में उसे पदोन्नति का अवसर मिला। इसके लिए उसे दूसरे शहर में कुछ समय के लिए काम करना पड़ सकता था, लेकिन वेतन में अच्छी वृद्धि होने वाली थी। पहले वह इस प्रस्ताव को परिवार की जरूरतों के कारण ठुकरा देती। अब उसने शर्तें समझीं, अपने काम की संभावनाएँ देखीं और प्रस्ताव स्वीकार कर लिया।
जब उसने घर में यह बात बताई, तो माँ घबरा गईं। ‘तुम दूसरे शहर चली जाओगी तो हमारा क्या होगा?’ नेहा ने माँ का हाथ पकड़ लिया। ‘आप लोगों का ध्यान रखना मेरी जिम्मेदारी है, माँ। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैं अपनी जिंदगी रोक दूँ। मैं इलाज और जरूरी खर्च की व्यवस्था करती रहूँगी। रोहन भी अब कमाता है। हम सब मिलकर जिम्मेदारी बाँट सकते हैं।’
रोहन ने नाराज होकर कहा, ‘दीदी, आपने तो हमेशा घर संभाला है। अचानक सब बदलने की क्या जरूरत है?’
नेहा ने उसकी आँखों में देखकर जवाब दिया, ‘क्योंकि अब तक घर संभालते-संभालते मैंने खुद को संभालना छोड़ दिया था। मैं तुम्हारी दुश्मन नहीं हूँ, रोहन। मैं सिर्फ यह चाहती हूँ कि तुम मुझे बहन समझो, घर चलाने की मशीन नहीं।’
कुछ देर तक कोई कुछ नहीं बोला। रितु, जो अब तक चुपचाप सब सुन रही थी, पहली बार आगे आई। उसने कहा, ‘दीदी की बात गलत नहीं है। घर की जिम्मेदारी हम सबकी है। माँ-पापा की देखभाल भी और खर्च भी। सिर्फ इसलिए कि दीदी अब तक करती आई हैं, इसका मतलब यह नहीं कि हमेशा वही करती रहें।’
रितु के इस वाक्य ने बातचीत का रुख बदल दिया। रोहन पहली बार सोच में पड़ गया। उसे शायद कभी यह देखने की जरूरत ही महसूस नहीं हुई थी कि जिस व्यवस्था में वह आराम से जी रहा था, उसकी कीमत कोई और चुका रहा था। कुछ दिनों बाद नेहा ने पिता से अकेले में बात की। उसने संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट किया। उसने कहा कि वह किसी का हिस्सा छीनना नहीं चाहती, लेकिन यदि वह कानूनन किसी अधिकार की हकदार है, तो केवल बेटी होने के कारण उससे वंचित भी नहीं रहना चाहती। पिता ने पहले इसे परिवार की इज्जत का सवाल बनाया, फिर रिश्तेदारों की राय का हवाला दिया। नेहा ने पहली बार बिना ऊँची आवाज किए अपनी बात पर दृढ़ता बनाए रखी। ‘पापा, मैं आपसे प्यार करती हूँ। आपकी देखभाल करना चाहती हूँ। लेकिन प्यार के बदले मुझे अपना अधिकार छोड़ने की शर्त स्वीकार नहीं है। अगर कोई कानूनी सवाल है, तो हम वकील से सही सलाह लेंगे। फैसला भावनाओं या दबाव से नहीं, सही जानकारी के आधार पर करेंगे।’ उसकी बात में न धमकी थी, न अपमान। बस एक ऐसी स्पष्टता थी, जो परिवार में पहले कभी नहीं दिखाई दी थी। पिता ने तुरंत हामी नहीं भरी, लेकिन पहली बार उन्होंने उसकी बात बीच में काटकर खारिज भी नहीं की।

नेहा के जाने का दिन आया तो माँ ने उसके लिए डिब्बे में घर का बना नाश्ता रखा। पिता दरवाजे के पास खड़े रहे। रोहन उसे स्टेशन तक छोड़ने आया। रास्ते में उसने धीमे स्वर में कहा, ‘दीदी, शायद मैंने कभी सोचा ही नहीं कि आप पर कितना बोझ था। मुझे लगा कि आप सब कर लेती हैं, इसलिए आपको परेशानी नहीं होती।’ नेहा ने खिड़की के बाहर देखते हुए कहा, ‘किसी के सब कुछ कर लेने का मतलब यह नहीं कि उसे कुछ महसूस नहीं होता। मजबूत लोग भी थकते हैं, रोहन। फर्क सिर्फ इतना है कि वे हर बार अपनी थकान बताना जरूरी नहीं समझते।’
रोहन ने सिर झुका लिया। उसने वादा किया कि वह घर के खर्च और माता-पिता की जिम्मेदारी में नियमित योगदान देगा। नेहा ने उससे किसी बड़े वादे की अपेक्षा नहीं की। वह जानती थी कि बदलाव शब्दों से नहीं, रोजमर्रा के व्यवहार से साबित होता है। नए शहर में नेहा का जीवन आसान नहीं था। उसे नए काम, नए माहौल और अकेले रहने की चुनौतियों से जूझना पड़ा। कभी-कभी घर की याद आती तो आँखें भर जातीं। माँ से फोन पर बात करते हुए वह उनकी तबीयत पूछती, पिता की दवाइयों का ध्यान रखती और रोहन से घर के खर्च का हाल जानती। लेकिन अब उसने अपनी बचत का एक हिस्सा अपने लिए सुरक्षित रखना शुरू कर दिया था। उसने एक छोटा-सा घर खरीदने की योजना फिर से बनाई। रविवार को वह अपनी पसंद की किताब पढ़ती, सहेलियों से मिलती और कभी-कभी बिना किसी अपराधबोध के अपने लिए कुछ खरीद लेती। कुछ महीने बाद जब वह घर लौटी, तो उसे कई छोटे बदलाव दिखाई दिए। रोहन अब माँ की दवाइयाँ लेने लगा था। रितु घर के खर्च की सूची बनाती और पिता के अस्पताल जाने के समय अपने काम की व्यवस्था कर लेती। घर की हर समस्या का पहला और आखिरी नाम अब नेहा नहीं था। यह बदलाव पूर्ण नहीं था, लेकिन शुरुआत हो चुकी थी। एक शाम माँ ने उसके पास बैठकर कहा, ‘बेटा, शायद हम तुम्हें बहुत मजबूत समझते रहे। हमें लगा कि तुम्हें किसी सहारे की जरूरत नहीं होती।’ नेहा ने माँ के कंधे पर सिर रख दिया। ‘माँ, मजबूत होने का मतलब यह नहीं कि मुझे प्यार, सम्मान या अपनेपन की जरूरत नहीं है। मैं भी चाहती थी कि कभी कोई मुझसे पूछे कि मैं कैसी हूँ, मेरे मन में क्या चल रहा है, मैं अपने लिए क्या चाहती हूँ।’
माँ की आँखें भर आईं। उन्होंने नेहा का हाथ थाम लिया। उस क्षण नेहा को कोई बड़ी माफी नहीं मिली, न ही सारे पुराने घाव मिट गए। लेकिन उसे पहली बार लगा कि शायद उसके परिवार ने उसे केवल कमाने वाली बेटी के रूप में नहीं, एक इंसान के रूप में देखना शुरू किया है। नेहा ने बाद में अपना घर खरीदा। वह बहुत बड़ा नहीं था—दो कमरों का एक साधारण-सा फ्लैट, जिसमें सुबह की धूप खिड़की से भीतर आती थी और शाम को बालकनी में बैठकर चाय पी जा सकती थी। उसने दीवार पर अपनी पसंद की तस्वीर लगाई, किताबों के लिए एक अलमारी खरीदी और रसोई में अपने मन का सामान सजाया। उस घर में कोई उससे यह नहीं पूछता था कि उसकी कमाई कहाँ खर्च हुई, उसने कितने काम किए या वह थकी क्यों है। वहाँ उसे अपने लिए समय निकालने के लिए सफाई नहीं देनी पड़ती थी।
एक दिन पिता उसके घर आए। कमरे को देखते हुए उन्होंने कहा, ‘तुमने बहुत अच्छा घर बनाया है, बेटा।’ नेहा मुस्कराई। ‘हाँ, पापा। छोटा है, लेकिन अपना है।’ पिता कुछ देर चुप रहे। फिर बोले, ‘हमने शायद तुम्हारी जिम्मेदारियों को तो देखा, लेकिन तुम्हारे सपनों को ठीक से नहीं समझा।’ नेहा ने उनकी ओर देखा। उसके मन में वर्षों का दर्द था, लेकिन अब वह दर्द उसे भीतर से तोड़ता नहीं था। उसने पिता का हाथ पकड़कर कहा, ‘गलती समझ में आ जाए, तो रिश्तों को बेहतर बनाया जा सकता है। मैं आपसे दूर नहीं जाना चाहती थी, पापा। मैं बस अपने करीब आना चाहती थी।’
उस दिन नेहा ने समझा कि घर केवल दीवारों और छत से नहीं बनता। घर वहाँ बनता है, जहाँ व्यक्ति को अपनी जगह के लिए बार-बार प्रमाण नहीं देना पड़ता। जहाँ उसकी कमाई के साथ उसकी भावनाओं की भी कद्र होती है। जहाँ बेटी का प्यार उसका कर्तव्य माना जा सकता है, लेकिन उसके अधिकार को उसकी परिस्थितियों के आधार पर कम नहीं आँका जाता।
नेहा आज भी अपने माता-पिता से प्यार करती है। उनकी जरूरतों में साथ देती है। रोहन के साथ उसका रिश्ता भी धीरे-धीरे अधिक सहज हुआ है। लेकिन अब वह हर समस्या का समाधान अकेले करने की कोशिश नहीं करती। उसने परिवार से मुँह नहीं मोड़ा; उसने केवल उस सोच को चुनौती दी, जिसमें बेटी की जिम्मेदारी असीमित और उसके अधिकार सीमित मान लिए जाते हैं। समाज में अक्सर कहा जाता है कि बेटियाँ अपने घर की रौनक होती हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या उन्हें अपने ही घर में बराबरी की जगह मिलती है? क्या उनकी कमाई को परिवार का सहारा मानने वाले लोग उनके सपनों को भी उतनी ही गंभीरता से लेते हैं? और क्या बेटी के आत्मनिर्भर होने का अर्थ यह है कि उसे भावनात्मक सहारे, सम्मान और अधिकार की जरूरत नहीं रह जाती? नेहा की कहानी किसी एक परिवार की कहानी नहीं है। यह उन अनगिनत बेटियों की कहानी है, जो अपने घर के लिए सब कुछ करती हैं, लेकिन अपनी जरूरतों की बात करते समय अपराधबोध से भर जाती हैं। वे अपने माता-पिता से प्रेम करती हैं, अपने भाई-बहनों की चिंता करती हैं और परिवार को टूटने से बचाना चाहती हैं। मगर परिवार को बचाने की जिम्मेदारी केवल एक व्यक्ति के कंधों पर नहीं डाली जा सकती।
बेटी कमाती है, इसका अर्थ यह नहीं कि उसका जीवन परिवार की जरूरतों के नाम लिख दिया जाए। वह जिम्मेदार है, लेकिन उसकी भी सीमाएँ हैं। वह त्याग कर सकती है, लेकिन त्याग उसकी अनिवार्य पहचान नहीं होना चाहिए। उसे अपने माता-पिता का सहारा बनने का अधिकार है, और अपने भविष्य के लिए निर्णय लेने का भी। क्योंकि जिस दिन बेटी को अपने ही घर में अपनी जगह साबित करने के लिए संघर्ष करना पड़े, उस दिन समस्या बेटी की कमाई या उसके व्यवहार में नहीं, बल्कि परिवार की सोच में होती है। और किसी भी रिश्ते की असली परीक्षा यही है कि वह हमें कितना देता है, इससे अधिक यह कि वह हमें अपने भीतर कितनी जगह देता है। -एम. पाठारे
