आमतौर पर मशरूम का इस्तेमाल सब्जी, सूप और दूसरे खाद्य पदार्थ बनाने में किया जाता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि मशरूम से नाव भी बनाई जा सकती है? अमेरिका के एक कलाकार ने अपनी अनोखी कल्पना को हकीकत में बदलकर समुद्र में 42 किलोमीटर से अधिक का सफर तय कर लिया। उनकी इस उपलब्धि ने दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहने वाले कलाकार और फंगस विशेषज्ञ सैम शूमेकर ने मशरूम के जैविक तंतुओं से करीब 12 फीट लंबी कयाक (छोटी चप्पू वाली नाव) तैयार की। इसके बाद उन्होंने इसी नाव में बैठकर समुद्र की चुनौतीपूर्ण लहरों के बीच 42.43 किलोमीटर की यात्रा पूरी की। इस अनोखे कारनामे को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने मान्यता दी है।
मशरूम के तंतुओं से तैयार हुई नाव
इस नाव को बनाने के लिए सैम ने मशरूम के जड़ जैसे दिखाई देने वाले तंतुओं का इस्तेमाल किया, जिन्हें वैज्ञानिक भाषा में ‘माइसीलियम’ (Mycelium) कहा जाता है। ये तंतु जमीन के भीतर फैलकर मशरूम के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सैम ने इन्हीं तंतुओं को जैविक कपड़ों और पौधों से बने पदार्थों के साथ एक विशेष सांचे में विकसित किया। लगभग सात सप्ताह में मशरूम का ढांचा नाव के आकार में तैयार हो गया। इसके बाद उसे सुखाने, मजबूत बनाने और समुद्री पानी के अनुकूल तैयार करने में कई महीने लगे। तैयार नाव का वजन लगभग 48.5 किलोग्राम था। इसकी मजबूती बढ़ाने के लिए उस पर शेलैक और मधुमक्खी के मोम की परतें चढ़ाई गईं, ताकि पानी में रहने के दौरान इसकी संरचना सुरक्षित रहे।
12 घंटे तक समुद्र में चलती रही मशरूम की नाव
5 अगस्त 2025 को सैम शूमेकर ने कैलिफोर्निया के कैटालिना द्वीप से अमेरिकी मुख्य भूमि की ओर अपनी यात्रा शुरू की। उन्हें कैब्रिलो बीच तक पहुंचना था। लगभग 42.43 किलोमीटर की इस यात्रा को पूरा करने में उन्हें 12 घंटे से अधिक का समय लगा। यह सफर आसान नहीं था। मशरूम से बनाई नाव समुद्र में तेज धाराएं, ऊंची लहरें और खराब मौसम उनके सामने चुनौती बनकर आए। शुरुआत में समुद्री धाराएं उनकी नाव को वापस द्वीप की ओर धकेल रही थीं। एक समय उन्हें डर भी लगा कि कहीं नाव बीच समुद्र में टूट न जाए। लेकिन तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने अपनी यात्रा पूरी की। इस दौरान एक विशाल फिन व्हेल भी करीब दो घंटे तक उनकी नाव के आसपास तैरती रही।
क्या भविष्य में प्लास्टिक की जगह ले सकता है मशरूम?
सैम शूमेकर पिछले एक दशक से अधिक समय से अलग-अलग प्रजातियों के फंगस पर प्रयोग कर रहे हैं। उनका उद्देश्य केवल कलाकृतियां बनाना नहीं, बल्कि यह समझना भी है कि मशरूम से प्राप्त जैविक पदार्थों का इस्तेमाल भविष्य में निर्माण और अन्य उपयोगी वस्तुओं को बनाने में किस तरह किया जा सकता है। वैज्ञानिक और पर्यावरण विशेषज्ञ भी माइसीलियम आधारित सामग्रियों को टिकाऊ विकल्प के रूप में देख रहे हैं। इनसे भविष्य में प्लास्टिक और कुछ गैर-नवीकरणीय सामग्रियों पर निर्भरता कम करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। हालांकि, सैम खुद इस नाव को पारंपरिक नावों का बेहतर विकल्प नहीं मानते। इसे बनाने में काफी समय, मेहनत और संसाधन लगे। उनका कहना है कि यह प्रयोग मशरूम की संभावनाओं को दुनिया के सामने लाने का एक प्रयास था।एक साधारण से दिखने वाले मशरूम के तंतुओं से नाव बनाकर समुद्र पार करना निश्चित रूप से विज्ञान, कला और प्रकृति के अनोखे मेल का उदाहरण है। यह प्रयोग एक सवाल भी छोड़ जाता है कि प्रकृति में मौजूद ऐसी कितनी चीजें हैं, जिनका उपयोग अभी तक इंसान ने पूरी तरह खोजा ही नहीं है!
स्रोत: Guinness World Records

