
बारामती विमान हादसे में अजित पवार की आकस्मिक मृत्यु के तीन दिन बाद महाराष्ट्र की राजनीति ने एक ऐतिहासिक मोड़ लिया। दुख से सत्ता तक: सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम, शनिवार को सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर इतिहास रच दिया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोकभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। पूरा शपथ ग्रहण समारोह लगभग 12 मिनट तक चला। हालांकि इस महत्वपूर्ण मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार की गैरमौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े कर दिए। शपथ ग्रहण से पहले विधान भवन में NCP विधायक दल और विधान परिषद सदस्यों की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें सुनेत्रा पवार को पार्टी नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देकर कार्यकारी राजनीति में प्रवेश किया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त विभाग अपने पास रखते हुए सुनेत्रा पवार को राज्य उत्पादन शुल्क, खेल एवं युवा कल्याण तथा अल्पसंख्यक विकास और औकाफ विभागों की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह नियुक्ति केवल संवैधानिक प्रक्रिया नहीं बल्कि बारामती और पवार परिवार की राजनीतिक विरासत को संभालने की रणनीति का हिस्सा है। शपथ के बाद सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक संदेश लिखते हुए कहा—
“इस कठिन समय में महाराष्ट्र की जनता का प्यार और समर्थन मेरी सबसे बड़ी ताकत है। आपके भरोसे के साथ मैं दादा के आदर्शों को जीवित रखते हुए नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ूंगी।”
अजित पवार की मृत्यु से खाली हुए डिप्टी सीएम पद को भरते हुए राज्य सरकार ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि सत्ता की निरंतरता और राजनीतिक स्थिरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

